जमीनी विवाद में घर में घुसकर गोली मारने का आरोप, घायल की हैलट अस्पताल में मौत
-
By
Admin
Published - 25 October 2026 351 views
सोमेंद्र नाथ
सार्थक संवाददाता उन्नाव
सोहरामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चौपाई के मजरा ठकुराइन खेड़ा में शनिवार रात जमीनी विवाद को लेकर एक व्यक्ति को गोली मारने का मामला सामने आया है। घर के भीतर हुई फायरिंग में कन्हैया लाल रावत (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके गर्दन और चेहरे पर दो गोलियां लगने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह करीब नौ बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:30 बजे कन्हैया लाल अपने घर में थे। इसी दौरान आरोप है कि कुछ लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हमलावर दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौपाई पुलिस चौकी प्रभारी लक्ष्मी प्रसाद कुशवाहा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असोहा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल भेज दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी।

जमीन के बदले रुपये देने को लेकर चल रहा था विवाद
मृतक की पुत्री अनामिका की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में नागेंद्र, मोनू और सरनाम पुत्र हरिप्रसाद तथा हरिप्रसाद पुत्र अज्ञात, निवासी मरुई, मोहनलालगंज, लखनऊ के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। तहरीर के मुताबिक, आरोपी रात में घर में घुसे, गाली-गलौज की और उनके पिता को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। हालांकि, घटना के संबंध में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

चौकी प्रभारी लक्ष्मी प्रसाद कुशवाहा के मुताबिक, नामजद आरोपी मृतक के रिश्ते में चचेरे साले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जमीन के एक मामले में आरोपित पक्ष की ओर से कन्हैया लाल को करीब एक लाख 98 हजार रुपये दिए गए थे। जमीन का विक्रय नहीं होने के बाद रुपये वापस करने अथवा जमीन की रजिस्ट्री कराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। बताया गया कि इस मामले में कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता भी कराया गया था। इसके बावजूद विवाद किस परिस्थिति में हिंसक घटना में बदल गया, इसकी जांच की जा रही है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कन्हैया लाल रावत की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी, दो पुत्रियां, एक पुत्र और बुजुर्ग मां हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, जमीन के विवाद में हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सम्बंधित खबरें
-
सोमेंद्र नाथ सार्थक संवाददाता उन्नाव सोहरामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चौपाई के मजरा ठकुराइन खे
-
लखनऊ, 4 अक्टूबर। चिकित्सा शिक्षा और शोध में योगदान की भावना से अलीगंज निवासी 81 वर्षीय स्वर्गीय सुरे
-
214 फार्मेसियों की जांच में 130 दवाओं का विश्लेषण, 36 की एमआरपी खरीद कीमत से 10 गुने से अधिकलखनऊ, 4
-
बंथरा। हरौनी पुलिस चौकी के प्रभारी बदल गए हैं, लेकिन लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात सिपाहियों की त
-
बंथरा। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दादूपुर, बंथरा स्थित बाबा विनायक सिंह चौहान स्टेडियम में