महिंद्रा शोरूम में बवाल: ग्राहक ने लगाया मारपीट, धमकी और वाहन से छेड़छाड़ का आरोप, FIR दर्ज
-
By
Admin
Published - 07 July 2026 4 views
सार्थक संवाददाता उन्नाव
उन्नाव। शहर स्थित एक महिंद्रा शोरूम एवं सर्विस सेंटर में वाहन लेने पहुंचे एक ग्राहक ने कर्मचारियों पर अभद्रता, मारपीट के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नवाबगंज निवासी शिवेंद्र सिंह ने सोमवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने महिंद्रा कंपनी की दो स्कॉर्पियो गाड़ियां खरीदी थीं। इनमें से एक वाहन सर्विस एवं मरम्मत के लिए शोरूम में खड़ा था। उनके अनुसार, 6 जुलाई को उन्हें संदेश मिला कि वाहन तैयार है और डिलीवरी ली जा सकती है। इसके बाद शोरूम के मैनेजर से फोन पर बातचीत हुई, जिन्होंने शाम छह बजे तक आने को कहा। बता दे कि शिवेंद्र सिंह का आरोप है कि वह अपने भाई के साथ निर्धारित समय पर सर्विस सेंटर पहुंचे, लेकिन उन्हें करीब दो घंटे तक बैठाए रखा गया। बार-बार पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि वाहन की चाबी नहीं मिल रही है। इस पर उन्होंने कहा कि वह घर से दूसरी चाबी मंगा लेंगे और वाहन उन्हें सौंप दिया जाए। इसके बाद कर्मचारियों ने बताया कि गाड़ी की बैटरी डिस्चार्ज है और टायर में हवा भी नहीं है, इसलिए अगले दिन आने को कहा गया। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान कैशियर और अन्य कर्मचारियों से कहासुनी हो गई, जिसके बाद मैनेजर विशाल, प्रशांत तथा अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट करने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने जान से मारने की धमकी दी। शिवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस की सहायता से वह सदर कोतवाली पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार को पीड़ित ने जानकारी देते हुए कहा कि इससे पहले भी उन्हें शोरूम की सेवाओं को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में उनकी गाड़ी का कैमरा खोल दिया गया था और इस बार जब वाहन लेने पहुंचे तो वह पंचर और बैटरी डिस्चार्ज हालत में मिला। उन्होंने आशंका जताई कि वाहन के कुछ पार्ट्स के साथ भी छेड़छाड़ की गई हो सकती है। सदर कोतवाली पुलिस ने शिवेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सम्बंधित खबरें
-
सार्थक संवाददाता उन्नावउन्नाव। सफीपुर में आयोजित उर्स के अवसर पर गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (जीए
-
सार्थक संवाददाता उन्नाव उन्नाव के पुरवा थाना पुलिस ने लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले मे