तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र में ईगल पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, डेढ़ घंटे में पाया काबू
-
By
Admin
Published - 16 August 2026 18 views
लखनऊ
तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित ईगल पेंट फैक्ट्री में शनिवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना 15 अगस्त 2026 को रात 10:32 बजे अग्निशमन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ के निर्देश पर आलमबाग अग्निशमन केंद्र से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में दो दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किए गए।

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि फैक्ट्री में आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरे परिसर में धुआं भरा हुआ था। आग के समीप पेट्रोल, केरोसिन और पेंट के कंटेनर रखे होने से स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई थी। आग को फैलने से रोकने के लिए कंटेनरों पर लगातार पानी की बौछार की गई, जबकि बगल की फैक्ट्री की छत से आग के मुख्य बिंदु पर फोम का प्रयोग किया गया।

आग की भयावहता को देखते हुए सरोजनीनगर से एक, पीजीआई से एक, चौक से दो और हजरतगंज से दो दमकल वाहन भी मौके पर बुलाए गए। चौक से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी पुष्पेंद्र यादव के नेतृत्व में दमकल टीम पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने बीए सेट पहनकर जान जोखिम में डालते हुए बेसमेंट में प्रवेश किया और आग पर काबू पाने का अभियान चलाया।

अग्निशमन एवं आपात सेवा लखनऊ की आठ दमकल गाड़ियों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। मौके पर एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची थी।
फैक्ट्री संचालक अंकुश अग्रवाल पुत्र सुरेश चंद्र अग्रवाल हैं। राहत की बात यह रही कि अग्निकांड में किसी व्यक्ति के हताहत होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
सम्बंधित खबरें
-
लखनऊ तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित ईगल पेंट फैक्ट्री में शनिवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
-
सार्थक संवाददाता लखनऊ देश की आजादी के 80वें वर्ष के अवसर पर शनिवार को तहसील सरोजनी नगर में स्वत
-
लखनऊ सरोजनीनगर के गौरी बाजार में आदर्श व्यापार मंडल इकाई द्वारा 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभ