फायर सेफ्टी जांच तेज, कई होटल-रेस्टोरेंटों को नोटिस
-
By
Admin
Published - 05 June 2026 10 views
सार्थक संवाददाता उन्नाव
दिल्ली और नोएडा में हाल में हुई आग की घटनाओं के बाद उन्नाव प्रशासन जन सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी उन्नाव घनश्याम मीणा के निर्देश पर शुक्रवार को शहर में संचालित होटल, रेस्टोरेंट तथा बेसमेंट में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी गई है।
उप जिलाधिकारी आनंद कुमार नायक और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अनूप सिंह के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने फायर सेफ्टी उपकरणों, भवन मानकों के अनुपालन और आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अधूरा पाया गया। विशेष रूप से बेसमेंट में संचालित रेस्टोरेंटों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चिह्नित किया गया, जहां फायर सेफ्टी उपकरण पर्याप्त नहीं मिले। ऐसे संचालकों को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में कुछ प्रतिष्ठानों में आने-जाने के लिए केवल एक संकरा मार्ग मिला, जो किसी भी आपात स्थिति में गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। अधिकारियों ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए संबंधित संचालकों से आवश्यक अनुमतियां और अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा है।
उप जिलाधिकारी आनंद कुमार नायक ने बताया कि जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित टीम शहर के सभी होटल और रेस्टोरेंटों में सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं होंगे या भवन मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य किसी दुर्घटना से पहले सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
सम्बंधित खबरें
-
सोमेंद्र नाथ सार्थक संवाददाता उन्नाव उन्नाव/कानपुर। उन्नाव की युवती के अपहरण औ
-
सार्थक संवाददाता उन्नाव दिल्ली और नोएडा में हाल में हुई आग की घटनाओं के बाद उन्नाव प्रशासन जन स
-
सार्थक संवाददाता सफीपुर (उन्नाव) उन्नाव-हरदोई मार्ग पर शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों म
-
सोमेंद्र नाथ सार्थक समाचारउन्नाव उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती (एनरोलमेंट-2025) की लिखित
-
सार्थक संवाददाता उन्नावउन्नाव के थाना कोतवाली सदर की साइबर हेल्प डेस्क ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्य