सफाई मित्रों के सम्मान के साथ सुरक्षा का संकल्प, उन्नाव में आयोजित हुआ विशेष सम्मान शिविर
-
By
Somendra shukla
Published - 30 September 2026 9 views
सार्थक संवाददाता उन्नाव
उन्नाव। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत चलाए जा रहे “सेवा संकल्प अभियान” के तहत नगर पालिका परिषद उन्नाव की ओर से निराला प्रेक्षागृह में “सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष उन्नाव श्वेता मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं नगर पालिका प्रतिनिधि भानु मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अतिथियों ने सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
शिविर के दौरान नगर की स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बेहतर बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं सुरक्षा किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके समर्पण, मेहनत और सेवाभाव के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। सुरक्षा किट के माध्यम से सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपायों को अपनाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सभासदगण, अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र तथा क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सफाई मित्र प्रतिदिन शहर को स्वच्छ रखने के लिए कठिन परिस्थितियों में भी अपना दायित्व निभाते हैं, इसलिए उनके सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
नगर पालिका परिषद उन्नाव की ओर से सफाई मित्रों को भरोसा दिलाया गया कि उनके सम्मान, सुरक्षा, गरिमा एवं कल्याण के लिए आवश्यक प्रयास लगातार जारी रहेंगे। कार्यक्रम का समापन सफाई मित्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर उन्नाव के निर्माण के संकल्प के साथ किया गया।
सम्बंधित खबरें
-
सार्थक संवाददाता उन्नाव उन्नाव। सिविल लाइन स्थित जरी-जरदोजी केंद्र में महिला थाना पुलिस क